Saturday, January 2, 2010

जीवन की त्रासदी से रू-ब-रू कराती गजलें

-डॉ. अशोक प्रियरंजन
मौजूदा दौर की सामाजिक, राजनीतिक विसंगतियों, आम आदमी की संवेदना, दलित जीवन की त्रासदी, मानवीयता के क्षरण से उपजी स्थितियों को डॉ. राम गोपाल भारतीय ने अपने गजल संग्रह 'हाशिए के लोगÓ में बड़े प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया है। समाज के शोषित वर्ग की आवाज को गजलों में शब्दबद्ध करते हुए उन्होंने विराट संवेदना और मानवीय पीड़ा से साक्षात्कार कराया है। अनुभूति, अभिव्यक्ति और शिल्प के स्तर पर उनकी गजलें अपनी अलग पहचान बनाने में समर्थ हैं। शिल्प, प्रयोगधर्मिता, मुहावरों, प्रतीकों और बिम्बों के सार्थक प्रयोग से उनकी गजलों को प्रभावोत्पादकता बढ़ जाती है। बड़ी सहजता से वह गंभीर कथ्य को भी शब्दबद्ध कर देते हैं और कुछ सवाल खड़े करके ङ्क्षचतन के लिए भी प्रेरित करते हैं। यथा-'हजार साल से बैठे हैं दूर सूरज से, हमें भी धूप का हक है हुजूर सूरज से। ये कैसी रात है जिसकी सुबह नहीं होती, जवाब चाहिए हमको जरूर सूरज से।Ó राजनीतिक कुटिलता, भ्रष्टाचार और अनीति से त्रस्त होकर उनकी पीड़ा कुछ इस तरह मुखर हुई है- 'इस तरह से जश्ने आजादी मनाया जाएगा, मंच पर गूगों से अब भाषण कराया जाएगा।Ó समाज के शोषित वर्ग को कदम-कदम पर अपमान, तिरस्कार और कष्ट सहन करने होते हैं। इसके बावजूद वह आवाज उठाने में समर्थ नहीं हैं। उनकी इस स्थिति को ये पंक्तियां अभिव्यक्त करती हैं- 'ये बिचारे क्या कहेंगे, हाशिए के लोग हैं. चुप रहे हैं, चुप रहेंगे, हाशिए के लोग हैं।Ó सामाजिक मान्यताएं भौतिकवादी परिवेश में लगातार बदल रही हैं और उनके दुष्परिणामों पर कोई विचार नहीं कर रहा है। इसी से समाज में विसंगतियां भी बढ़ रही हैं। इसीलिए वह लिखते हैं-'कांटे अब गमलों में पाले जाएंगे, खुशबू वाले फूल निकाले जाएंगे।Ó वस्तुत: रामगोपाल भारतीय आधुनिक समाज में पनप रही विविध विडंबनाओं और आम आदमी की त्रासद स्थितियों और पीड़ादायक मनोदशाओं को शिल्प की दृष्टि से पुख्ता गजलों के माध्यम से उभारने में सफल रहे हैं।
हाशिए केलोग, डॉ. राम गोपाल भारतीय, प्रकाशक : कादम्बरी प्रकाशन, दिल्ली, मूल्य : १५० रुपये।
(अमर उजाला, मेरठ के०१ जनवरी २०१० केअंक में प्रकाशित)

Friday, December 18, 2009

रामचरितमानस के शैली पक्ष का अनुशीलन

-अशोक प्रियरंजन
महाकवि गोस्वामी तुलसी दास द्वारा रचित महाकाव्य रामचरितमानस समस्त हिंदुओं की आस्था का केंद्र रहा है। इसकी चौपाइयों के व्यापक अर्थ हैं और इनमें अद्भुत जीवन दर्शन समाहित है। इसीलिए भारतीय जनमानस को रामचरित मानस ने बहुत गहराई से प्रभावित किया है। इसकेविविध प्रसंग जनमानस को जीवन के कर्मक्षेत्र में आगे बढऩे लिए मार्गदर्शन करते हैं। डॉ. आशुतोष मिश्र की पुस्तक रामचरितमानस का शैली वैज्ञानिक अध्ययन में इस महाकाव्य के विविध पक्षों का शोधपरक अनुशीलन किया गया है। यह पुस्तक इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें रामचरितमानस की भाषिक संवेदना का समग्र विश्लेषण किया गया है। इस महाकाव्य में प्रयुक्त शैलियों, भावव्यक्ति की प्रबलता के लिए प्रयुक्त प्रतीक और बिंब विधान का सोदाहरण विवेचन किया गया है। इसकेसाथ ही शब्द विधान, पद चयन और अर्थ योजना को भी रेखांकित किया गया है। भाषिक नियमों को छोड़कर महाकवि ने नवीन मार्ग का जो अनुकरण किया है, उसकी महत्ता को भी पुस्तक में विवेचित किया गया है। मानस में समान या विरोधी भाषिक इकाइयों की आवृत्ति का समानांतर प्रयोग किया गया है। इससे भाषिक वैशिष्ट्य और शैलीय गरिमा का प्रस्फुटन हुआ है। महाकवि तुलसीदास के रामचरितमानस मानस में अभिव्यक्त विïिïवध भावों के निहितार्थों को बहुआयामी दृष्टिकोण से ग्रहण करने में यह पुस्तक अपनी अलग अर्थवत्ता और महत्ता रखती है। रामचरितमानस के अध्येयताओं के लिए यह सर्वाधिक उपयोगी पुस्तक है।

रामचरितमानस : शैली वैज्ञानिक अध्ययन, लेखक : डॉ. आशुतोष मिश्र, प्रकाशक : निर्मल पब्लिकेशंस, नई दिल्ली, मूल्य : ३०० रुपये।

Friday, December 4, 2009

अनुभूति और संवेदना को जागृत करती कविताएं

- अशोक प्रियरंजन
गोविंद रस्तौगी की कविताएं मौजूदा समाज में पनप रही अपसंस्कृति, सामाजिक मूल्यों के क्षरण, भ्रष्टाचार, पतनशील राजनीति, जीवन में पनप रही निराशा, अकेलेपन, ऊब और भटकाव से साक्षात्कार कराती हैं । उनकी कविताओं में प्रखर आध्यात्मिक चेतना और गंभीर चिंतन की झलक मिलती है । वह मनुष्य की शुष्क होती संवेदनाओं, मानव मन की छटपटाहट को भी रेखांकित करते हैं- 'आंख में आकुल निमंत्रण, ओंठ पर सौजन्यताएं, कब कहां कैसे मिलेंगे, क्या कहें, हम क्या बताएं।Ó शहरी सभ्यता के खोखलेपन पर भी वह गहरा प्रहार करते हैं । यथा- 'लोहा, सीमेंट, ईंट के बढ़ते जंगल में, बीसवीं सदी ने अपने पांव पसार दिए।Ó उनकी कविताओं में प्रकृति, देशप्रेम, पौराणिक आख्यानों से संबंधित प्रसंग भी संपूर्ण गौरव केसाथ विद्यमान हैं । मजदूरों, किसानों और दबे-कुचले लोगों की वाणी को भी उन्होंने शब्दबद्ध किया है । प्रेम भावों और समर्पण को आध्यात्मिक चेतना से संपृक्त करके वह उसे चिंतनपरक बना देते हैं- 'सृष्टि में सौंदर्य की सत्ता समर्पण के लिए है, पंच तत्वों का समन्वय एक अर्पण केलिए है । देह, रस, स्वर, गंध, रूपम राग जीवन के लिए है, पंच भोगों का नियंत्रण आज इस क्षण केलिए है।Ó तमाम सुख सुविधाओं के बीच भी आज मानव मन छटपटा रहा है- 'कैसी कैसी घुटन ऊब छायी मन में, खोलो खोलो द्वार हवाएं आने दो।Ó कथ्य, विचार, भाव और शिल्प की दृष्टि से गोविंद रस्तोगी की कविताएं सहज ही हृदय पर अपनी छाप छोडऩे में समर्थ में है । उनकी कविताओं में विषय का गहन अनुशीलन और शोधपरक दृष्टि का सहज दर्शन होता है । सामाजिक चेतना, आध्यत्मिक प्रखरता और शिल्पगत प्रयोग उन्हें विशिष्ट कवि बनाते हैं। वस्तुत: गोविंद रस्तोगी की कविताएं अनुभूति और संवेदना केअद्भुत संसार से साक्षात्कार कराती हैं ।
हवाएं आने दो, कवि : गोविंद रस्तौगी, प्रकाशक : अखिल भारतीय साहित्य कला मंच, मुरादाबाद, मूल्य : ३५० रुपये।

(अमर उजाला, मेरठ, के ०४ दिसंबर २००९ के अंक में प्रकाशित )

Saturday, November 28, 2009

जिंदगी की हकीकत से रूबरू कराती गजलें

-अशोक प्रियरंजन
उर्दू के साथ ही हिंदी में भी खास पहचान बनाने वाले शायर राम अवतार गुप्ता 'मुज्तरÓ की गजलें जिंदगी की हकीकत से रूबरू कराती हैं । 'सीपियों में समंदरÓ उनकी हिंदी और उर्दू दोनों भाषाओं की गजलों का संग्रह है जिसमें उन्होंने जहां सियासत और मौजूदा समाज में पनप रही विसंगतियों को रेखांकित किया है वहीं इश्क, मोहब्बत से जुड़ी कोमल भावनाओं को खूबसूरती से अभिव्यक्त किया है । मौजूदा दौर की कड़वी हकीकत को वह कुछ इस तरह बयां करते हैं-'आड़ में अम्नो-अमां की हादसे बोए गए, रोशनी के वास्ते शोलों को भड़काया गया।Ó प्रेम भावना की बुलंदी को भी बड़ी गहराई से महसूस करके शब्दबद्ध करते है-'बोसा इक तूने हथेली पै मेरी क्या रक्खा, मैं जिधर हाथ उठाऊं तेरी खुशबू निकले।Ó वह संघर्ष करना जिंदगी की नियति मानते हंै-'जीवन की राहों में इन्सां गम से भागे भाग न पाए, शीश महल का पंछी जैसे टकरा-टकरा कर मर जाए।Ó मुज्तर की साफगोई, पुख्ता शायरी, बयान करने का अंदाज, हिंदी और उर्दू दोनों में प्रखर भाषिक संवेदना उन्हें उम्दा शायर के रूप में स्थापित करती है। उनकी सोच का फलक बहुत व्यापक है । जिंदगी और इससे जुड़ी विविध संवेदनाओं को उन्होंने बहुआयामी दृष्टिकोण से गजलों में उतारा है । इस नाते हिंदी और उर्दू दोनों भाषाओं में राम अवतार गुप्ता और उनके इस गजल संग्रह का अहम मुकाम है।
सीपियों में समंदर, राम अवतार गुप्ता 'मुज्तरÓ, प्रकाशक : बेनजीर प्रिंटर्स, नजीबाबाद, मूल्य : १५० रुपये।

(अमर उजाला, मेरठ के २७ नवंबर २००९ केअंक में भी प्रकाशित)

Saturday, November 21, 2009

कौरवी लोक साहित्य का विश्लेषण

- अशोक प्रियरंजन
हिंदी के सर्वाधिक लोकप्रिय रूप में खड़ी बोली ने पूरी दुनिया में अपनी पहचान बनाई है । खड़ी बोली का आधार है मेरठ, सहारनपुर, बुलंदशहर और दिल्ली के आसपास बोली जाने वाली कौरवी । खड़ी बोली का तो तेजी से विकास हुआ लेकिन विविध कारणों से कौरवी सिर्फ बोलने तक सीमित होकर रह गई । कौरवी में राग-रागनियां, आल्हा, लोकगाथाएं, स्वांग, कहानियां, होली, भजन, धार्मिक और सामाजिक गीत लिखे गए लेकिन अधिकांश वाचिक परंपरा तक ही सीमित होकर रह गए । प्रकाशित सामग्री का अभाव इस बोली के विकास में बड़ी बाधा बना रहा । इस पुस्तक में कौरवी के क्षेत्र, भाषागत रूप और साहित्य की सम्यक विवेचना तो की ही गई है साथ ही विभिन्न विधाओं की प्रमुख रचनाओं को भी प्रस्तुत किया गया है । ग्यारह अध्यायों में विभक्त इस पुस्तक में कौरवी बोली के विविध पक्षों का शोधपरक अनुशीलन किया गया है । कौरवी के क्षेत्र, प्रमुख रचनाकार, लोक साहित्य के रूप यथा लावनी, नौटंकी, झूलना, ख्याल आदि का सोदाहरण विश्लेषण किया गया है । कौरवी लोककथाओं पर भी प्रकाश डाला गया है । मेरठ परिक्षेत्र के जनकवियों के काव्य में सामाजिक, राजनीतिक जागृति के स्वरों को भी रेखांकित किया गया है । परिशिष्ट में प्रस्तुत सामग्री की अपनी अलग उपादेयता है । वस्तुत: डॉ. नवीन चंद्र लोहनी की यह किताब इसलिए महत्वपूर्ण हो जाती है क्योंकि इसमें कौरवी भाषा और साहित्य के व्यापक सरोकारों को रेखांकित करते हुए उसके विविध पक्षों का शोधपरक गहन विश्लेषण, तार्किक विवेचन किया गया है और सामायिक संदर्भों में उसकी महत्ता को चिह्नित किया गया है ।
कौरवी लोक साहित्य, लेखक: डॉ. नवीन चंद्र लोहनी, सहयोगी-डॉ. रवींद्र कुमार, सीमा शर्मा, प्रकाशक : भावना प्रकाशन, दिल्ली, मूल्य : २५० रुपये ।

(अमर उजाला, मेरठ के २० नवंबर के अंक में प्रकाशित)

Saturday, November 14, 2009

सूक्ष्म संवेदनाओं की अभिव्यक्ति

-अशोक प्रियरंजन
इस संग्रह की कविताओं में तीन कवियों ने आधुनिक जीवन की सूक्ष्म संवेदनाओं को अभिव्यक्ति दी है। निर्मल गुप्त की कविताएं कथ्य की सरलता, सहज शिल्प, बिम्ब, प्रतीक, नए मुहावरों के कारण ध्यान खींचती हैं । बड़ी कलात्मकता से उन्होंने मनुष्य और समाज में पनप रहे तनाव और जिंदगी के संघर्ष को रेखांकित किया है । 'नहाती हुई लड़की शीर्षक कविता में वह लिखते हैं- लड़की नहाती है/तो उसके पोर-पोर में समा जाते हैं असंख्य जल-बिंदु/ तब वह स्वत: ही मुक्त हो जाती है गुरुत्वाकर्षण से/ और चल देती है/ हजारों प्रकाश-वर्ष की अनंत यात्रा पर।Ó दूसरे कवि राजन स्वामी की कविताएं आम जिंदगी पर पनप रहे तनाव और सामाजिक मूल्यों के पतन की ओर संकेत करती है । नन्हीं बिटिया की डायरी से में वे लिखते हैं-'हे भगवान, अफसर की गलती हो या पापा की कुंठा, मार मैं ही खाती हूं, कभी कभी लगता है कि दफ्तर पापा नहीं, मैं जाती हूं ।Ó तीसरे कवि दीपक कुमार श्रीवास्तव मनुष्य के अंतद्र्वंद, सामाजिक विडंबनाओं, अकेलेपन और परिस्थितियों से उपजे तनाव को रेखांकित करते हैं । द्वंद्व में वह लिखते हैं-'दोहरी होती गई हर चीज, दोहरी होती जिंदगी के साथ। आस्थाएं, विश्वास, कर्तव्य, आत्मा और फिर उसकी आवाज।Ó सभी तीन कवियों की कविताएं कथ्य की नवीनता के कारण काफी आश्वस्त करती हैं ।
तीन, निर्मल गुप्त, राजन स्वामी, दीपक कुमार श्रीवास्तव : स्वर्ण-रामेश्वर पब्लिकेशन्स मेरठ, मूल्य : ५० रुपये।
(अमर उजाला, मेरठ के १३ नवंबर के अंक में प्रकाशित)

Saturday, November 7, 2009

आम आदमी की पीड़ा

-अशोक प्रियरंजन
जिंदगी के विविध रंगों से रूबरू कराती इन गजलों में मौजूदा दौर केआम आदमी की पीड़ा मुखर है । बदलते दौर में पनप रही समस्याओं, संवेदनहीनता, विसंगितयों, निराशा, अस्तित्व संकट और इंसानियत के संकट को गजलों में रेखांकित किया गया है । 'अजीब सा मौसमÓ में शामिल गजलों में राजन स्वामी ने हिंदी-उर्दू शब्दों का प्रभावशाली प्रयोग करते हुए सूक्ष्म संवेदनाओं को बड़े मार्मिक ढंग से अभिव्यक्त किया है । 'बच्चों के अरमानों का कद मेरी हद को लांघ गया, अब मेरा अपने ही घर में आना-जाना मुश्किल हैÓ जैसे शेर नई पीढ़ी की महत्वाकांक्षाओं को रेखांकित करते हैं । 'हरेक शख्स ने कुदरत को इस कदर लूटा, कभी अमीर था, अब है गरीब सा मौसमÓ शेर में पेड़ों केअंधाधुंध कटान की ज्वलंत समस्या पर अंगुली रखी गई है । मानवीय जीवन की विवशताओं, कुर्सी की राजनीति, आदमी के भटकाव, हताशा, महानगर की समस्याओं को भी बड़ी गंभीरता के साथ अभिव्यक्त किया गया है । गजलों के शेर दिल पर दस्तक देते महसूस होते हैं । वस्तुत: राजन स्वामी का ये गजल संग्रह पाठकों के सामने कई सवाल खड़े करते हुए वैचारिक मंथन के लिए विवश कर देता है। कथ्य, शिल्प और भाषा केस्तर पर गजलें मन को सुकून देती हैं और कई संभावनाओं को जागृत करती हैं ।

अजीब सा मौसम, राजन स्वामी : स्वर्ण रामेश्वर पब्लिकेशन्स, मेरठ, मूल्य : ७७ रुपये ।

(अमर उजाला, मेरठ के ३० अक्तूबर २००९ के अंक में प्रकाशित)